कानपुर। बिजली चोरी के खिलाफ 12 जनवरी से चलाए जाने वाले अभियान के तहत जहां भी कटिया मिले, उसे उतरवाकर तुरंत मौके पर ही कनेक्शन दिया जाए। यह आदेश जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने दिया है। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए त्रिसदस्यीय टीमें बनाने को कहा।
पुलिस लाइन में गुरुवार को अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए बुलाई गई बैठक में डीएम ने कहा कि पिछले अभियान में 54 हजार नए बिजली कनेक्शन दिए गए थे। 1500 एफआईआर दर्ज कराई गईं थीं। इन सभी एफआईआर का फॉलोअप कराया जाए। हर डिवीजन के 20 बड़े बकाएदारों को चिह्नित कर 32 करोड़ रुपये बिजली बकाए की वसूली की जाए। अभियान के तहत त्रिसदस्यीय टीम क्षेत्रवार बनाई जाएंगी। इसमें संबंधित एसीएम, एसडीएम, अधिशाषी अभियंता केस्को और पुलिस क्षेत्राधिकारी शामिल होंगे। उनके ऊपर शहरी क्षेत्र में एडीएम सिटी, संबंधित पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधीक्षण अभियंता हर रोज अभियान की समीक्षा करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में एडीएम फाइनेंस, संबंधित पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधीक्षण अभियंता हर रोज अभियान की समीक्षा करेंगेे। बताया गया कि केस्को के क्षेत्र में 25 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 28 प्रतिशत लाइन लॉस है। मानक के अनुसार यह 15 प्रतिशत होना चाहिए। बैठक में एसएसपी सलभ माथुर और केस्को एमडी सेल्वा कुमारी जे समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।