टक्कर के बाद बाइक बस के बोनट में फंस गई। चालक के तत्काल ब्रेक लगाने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में बाइक सवार युवक, उसकी 80 वर्षीय मां और चार वर्षीय बेटा घायल हो गए। हादसा जीटी रोड पर एक मसाला फैक्ट्री के पास हुआ। मंधना से चौबेपुर की ओर जा रही इलेक्ट्रिक सिटी बस सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई। बस चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिए, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।
हादसे में चौबेपुर के भट्ठा कोठी निवासी वेदप्रकाश गौतम (27), उनकी मां रामदुलारी (80) और बेटा केयांश (4) घायल हो गए। बताया गया कि वेदप्रकाश अपनी मां सियादुलारी के साथ मंधना स्थित बैंक जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना पर मंधना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए रामा अस्पताल भेजा। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त इलेक्ट्रिक सिटी बस को पुलिस ने चौकी में खड़ा करा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।