सभा को संबोधित करते साक्षी महाराज
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले में बांगरमऊ सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार ने तेजी पकड़ ली है। अपने दल के प्रत्याशी को जिताने के लिए राजनीतिक दल कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। वहीं यहां बीजेपी प्रत्याशी श्रीकांत कटियार के समर्थन में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने नुक्कड़ सभा की।
इस दौरान सांसद ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया। सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर कब्रिस्तान और श्मशान को लेकर विवादित बयान दिया। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि अनुपात के हिसाब से कब्रिस्तान और श्मशान होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एक भी मुसलमान है गांव में तो कब्रिस्तान बहुत बड़ा है और आप खेत की मेड़ या गंगा के किनारे दाह संस्कार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह घोर अन्याय नहीं है क्या? सांसद ने कहा कि मजबूरी ये है कि हमारी धैर्य, शालीनता की परीक्षा न ली जाए।
उन्होंने कहा कि हम लोग क्या से क्या करने वाले हैं। सांसद साक्षी महाराज अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। अपने बयान पर मीडिया के लोगों को प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सवालिया अंदाज सिर्फ इतना बोला कि इसमें गलत क्या कहा।