बहुजन समाज पार्टी ने विधानसभा 2022 के चुनाव के लिए पत्ते खोल दिए हैं। पूरे प्रदेश में कानपुर क्षेत्र से सबसे पहले तीन सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। पार्टी हाईकमान की तरफ से बिठूर से रमेश यादव, कानपुर देहात के सिकंदरा सीट से लालजी शुक्ल और इटावा की भरथना सीट से कमलेश आंबेडकर के नाम शामिल हैं।
पार्टी की तरफ से तय किए गए तीनों प्रत्याशी पहली बार विधानसभा चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। जातिगत संदेश देने के लिए बसपा ने ब्राह्मण, अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति के टिकट पहली कड़ी में तय किए हैं।
पार्टी ने इन तीनों प्रत्याशियों की घोषणा के लिए अलग-अलग दिनों में सम्मेलन आयोजित करने का फैसला लिया है। 27 को बिठूर सीट और दो अगस्त को सिकंदरा सीट के लिए सम्मेलन होगा। इसके बाद भरथना सीट के लिए सम्मेलन किया जाएगा।
बसपा के विधानसभा 2022 के प्रत्याशी
1- बिठूर विधानसभा सीट - रमेश यादव दो बार प्रमुख रह चुके हैं। 2008 में बसपा से जुड़े। 2010 में मंडल कोआर्डिनेटर भी रहे। परिवार में भी प्रधान और क्षेत्र पंचायत स्तर पर कई बार पत्नी व दूसरे सदस्यों ने जीत हासिल की है।
2- सिकंदरा विधानसभा सीट - लालजी शुक्ल, उप्र प्रदेश पुलिस की सेवा में रह चुके हैं। इनके भाई रामजी शुक्ल विधायक और राज्यमंत्री रह चुके हैं। मूल निवास औरैया है।
3- इटावा की भरथना सीट - कमलेश आंबेडकर, बसपा के सेक्टर प्रभारी भीमराव आंबेडकर की पत्नी हैं। वर्तमान में शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।