झींझक (कानपुर देहात)। पारेषण केंद्र कठिका से भोलानगर मोहल्ला नवीन विद्युत उपकेंद्र लगरथा रोड पर आने वाली 33 केवी लाइन की केबल करियाझाला मोड़ के पास बुधवार सुबह फुंक गया। इससे सौ गांव और झींझक के दो मोहल्लों की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे ठप रही। विद्युत कर्मियों के केबल बदलने के बाद सप्लाई दोबारा बहाल हो सकी।
नवीन विद्युत उपकेंद्र लगरथा रोड पर आने वाली 33 केवी लाइन की केबल करियाझाला मोड़ के पास बुधवार की सुबह करीब छह बजे फुंक गया। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े झींझक कस्बा के भोलानगर व खानपुर रोड मोहल्ला तथा उइछा, गौरी, बान, लालपुर, औरंगाबाद, मंगलपुर, लगरथा, मुंडेरा, नसीरपुर, लालपुर, पालनगर, परजनी, चिरखिरी, शाहपुर सहित सौ गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली कर्मियों ने केबल को बदला। दोपहर 12 बजे सप्लाई दोबारा बहाल हो सकी। भोलानगर के मोनू कमल, लगरथा के नीरज सेंगर, परजनी के योगेंद्र, औरंगाबाद के मनोज सिंह आदि ने बताया कि आएदिन फाल्ट के कारण बिजली सप्लाई बाधित रहती है। इससे परेशानी होती है। सबमर्सिबल भी नहीं चल पाता हैं और पानी का दिक्कत होती है।
झींझक के विद्युत जेई सुधीर गौतम ने बताया कि कोहरे में नमी के कारण 33 केवी लाइन की केबल फुंक गई थी। केबल बदलने के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।