शिवली (कानपुर देहात)। कानपुर के पनकी, जवाहरपुरम में आई 33 केवी भूमिगत केबल टिकरा के जलने से मंगलवार शाम को शिवली व शोभन सबस्टेशन ठप हो गए। दोनों सबस्टेशन से जुड़े डेढ़ सौ गांवों व शिवली कस्बे की बिजली पंद्रह घंटे बाद बुधवार को बहाल हो सकी।
जवाहरपुरम के 132 केवी ग्रिड सबस्टेशन से टिकरा होकर शिवली व शोभन सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति होती है। टिकरा के पास भूमिगत केबल को बदला नहीं जा सका है। यहां अक्सर केबल जलने से दिक्कत होती है। मंगलवार शाम टिकरा के पास मुख्य भूमिगत केबल में फाल्ट से आग लग गई। केबल जलने से दोनों सबस्टेशन ठप हो गए। पूरी रात दिलीपनगर, सरैयां, रामपुर, बाघपुर, बैरी सवाई, बैरी दरियाव, केशरीनिवादा, ज्योति, शोभन, बंथा, कैलई, मवैया, अश्वनीपुरवा, बसेन, भौसाना समेत डेढ़ सौ गांवों व शिवली कस्बे में अंधाकुप रहा।
पंद्रह घंटे बाद बुधवार की सुबह फाल्ट ठीक हो सका। इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ एसके मिश्र ने बताया कि टिकरा में केबल फाल्ट से बिजली गुल रही। जेई अवधेश सिंह लगातार मौके पर रहे तब बुधवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
पूरी रात बिजली गुल रहने बुधवार की सुबह कस्बे में जलापूर्ति नहीं हो सकी। लोगों को हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। रामू बाबा, विजय कुमार, मोहित अवस्थी, शिवम दीक्षित, अनुपम आदि ने बताया कि फाल्ट होने से सुबह पेयजल किल्लत रही। दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा।
आरोप लगाया कि आएदिन बिजली गुल रहती है। विभागीय अधिकारी केबल फाल्ट न हो, इसके लिए कारगर इंतजाम नहीं कर रहे हैं।