पुलिस की मौजूदगी में वृद्ध को नदी से बाहर निकालकर उपचार के लिए पीएचसी तिंदवारी में भर्ती कराया गया। तिंदवारी थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी छोटेलाल सिंह (65) पुत्र जगतपाल सिंह गुरुवार सुबह बेंदाघाट स्थित यमुना पुल पर पहुंचा था। बताया गया कि वह काफी देर तक पुल की रेलिंग के पास घूमता रहा। अचानक वह रेलिंग पर चढ़ गया और वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही यमुना नदी में छलांग लगा दी।
मछुआरों और गोताखोरों ने बचाया
वृद्ध को नदी में गिरता देख आसपास मौजूद स्थानीय मछुआरे और गोताखोर तुरंत पानी में उतर गए। उन्होंने तैरकर वृद्ध को पकड़ लिया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाल लिया।
होश आने पर पता चलेगा कारण
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पटेल ने बताया कि वृद्ध को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वह फिलहाल बेहोशी की हालत में है। होश में आने के बाद ही नदी में छलांग लगाने के कारणों का पता चल सकेगा।