चकरनगर। भरेह थाना क्षेत्र के नीमाडाडा गांव में शनिवार दोपहर यमुना नदी में छलांग लगाकर लापता हुए वृद्ध का दूसरे दिन भी कुछ पता नहीं चल सका है। सैंक्चुअरी विभाग की मोटरबोट और स्थानीय गोताखोरों ने नीमाडाडा से भरेह संगम तक वृद्ध की खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली।
शनिवार दोपहर तीन बजे रामरतन निषाद (70) ने नदी के गहरे हिस्से में छलांग लगा दी। रविवार को सैंक्चुअरी विभाग की मोटरबोट और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नीमाडाडा से भरेह संगम तक कई किलोमीटर क्षेत्र में सघन खोज की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया और तहसीलदार विष्णु दत्त मिश्र ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी। अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान लगातार जारी रहेगा और शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन नदी किनारे बेसुध बैठे हुए हैं।