राजपुर। थाना क्षेत्र की पैलावर में शनिवार सुबह छह बजे टहलने निकले बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजन व ग्रामीणों ने मुगल रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर आधे घंटे बाद लोग सड़क से हट गए।
पैलावर निवासी उत्तम पाल ने बताया कि पिता कृष्ण कुमार पाल (65) खेती-किसानी करते थे। वह प्रतिदिन की भांति शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। छह बजे के करीब गांव के पास मुगल रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने उनको टक्कर मार दी।
इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर किसान की पत्नी भाग्यवती, बेटे उत्तम, कमल व परिजन बिलखते हुए ग्रामीणों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए।
नाराज परिजन ने वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर सड़क पर बल्ली व तख्त डालकर मुगल रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर नाराज परिजन को समझाकर शांत करवाया। करीब आधे घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि नाराज परिजन को समझाकर आधे घंटे में जाम खुलवा दिया गया था। हादसा कर भागे वाहन चालक की तलाश की जा रही है। मामले में परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।