रनियां। कानपुर-इटावा हाईवे पर शनिवार शाम को चिटिकपुर स्थित बैंक शाखा के सामने हाईवे पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार वैन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।
इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के सामहो निवासी महेश चंद्र सविता (69) पुत्र रामकिशन सविता करीब 20 साल से रनियां में किराये के मकान में रह रहे थे। वर्तमान में वह किशरवल रोड स्थित बद्री प्रसाद के मकान में अपने बेटे संदीप के साथ रहते थे और विसायकपुर स्थित एक फैक्टरी में आरओ ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की शाम छुट्टी के बाद अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान एक बैंक के सामने हाईवे पार करने के दौरान तेज रफ्तार वैन ने उनको टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको अकबरपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। वहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। अनहोनी पर पत्नी शिव देवी, पुत्र सोनू व संदीप तथा बेटियां सुधा, संगीता, स्वाती व लक्ष्मी रोने लगीं। रनियां थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।