मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ स्थित केन नदी पुल पर सोमवार देर शाम दो घटनाओं से सनसनी फैल गई। भुरेड़ी निवासी 65 वर्षीय रामसरन ने पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को नदी से बाहर निकाला और शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दिवंगत रामसरन के पुत्र मनीराम ने पुलिस को बताया कि उसके पिता बीते एक वर्ष से क्षय रोग से पीड़ित थे। इलाज के बावजूद राहत न मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठा लिया। इसी दौरान चिल्ला थाना क्षेत्र के डिंघवट निवासी 38 वर्षीय अवधेश कुमार प्रजापति भी नशे की हालत में उसी पुल से कूदकर आत्महत्या करने पहुंच गया। जैसे ही वह कूदने वाला था, तभी भूरागढ़ चौकी प्रभारी आनंद साहू की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर युवक को पकड़ लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह घरेलू कलह से परेशान था। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया।