रविवार शाम सरकारी चकरोड की पैमाइश के तुरंत बाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के दबंगों ने दूसरे पक्ष के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया है।
चकरोड की पैमाइश के ठीक बाद भड़का विवाद
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ईसेपुर गांव में एक सरकारी चकरोड के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इस चकरोड की आधिकारिक पैमाइश कराई गई थी। पैमाइश की प्रक्रिया खत्म होने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते गाली-गलौज और लाठी-डंडे निकल आए।
सिर पर रॉड से किया हमला, तड़पकर तोड़ा दम
विवाद के दौरान गांव के ही चार दबंगों ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने गांव के ही प्रशासक के ताऊ राजेंद्र सिंह (70) को घेर लिया और उनके सिर पर लोहे की भारी रॉड से सीधा वार कर दिया।
चार लोगों पर हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरपालपुर कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ तुरंत ईसेपुर गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हरपालपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
हरपालपुर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। गांव में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। चकरोड विवाद और पैमाइश के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।