घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के संचितपुर गांव में गुरुवार देरशाम हैंडपंप से पानी भरने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान बीच बचाव करने आए मनीराम कुरील (65) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा शरीर में लाठी डंडों की चोट के कई निशान मिले हैं। संचितपुर गांव निवासी संतोष ने बताया कि उसके पड़ोसी रामनाथ कुरील के घर के पास हैंडपंप लगा है। आरोप है कि रामनाथ उस हैंडपंप पर किसी को पानी नही भरने देता है।
गुरुवार देर शाम उनके परिवार की एक महिला हैंडपंप में पानी भरने गई थी। जिसपर रामनाथ ने पानी भरने से इंकार कर दिया। संतोष ने अपने भाई बबलू और देशराज संग इसका विरोध किया। इससे नाराज रामनाथ ने अपने बेटे शिवदयाल, सुल्तान, शिवम और बिधनू के मटियारा निवासी रिश्तेदार श्रीनरायण कुरील के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
दोनों पक्षों में मारपीट होता देख संतोष के पिता मनीराम कुरील पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी लाठी डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई। आस पास के लोगों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। शुक्रवार तड़के मनीराम का शव चारपाई पर पड़ा मिला। संतोष की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
मृतक के बेटे संतोष की तहरीर पर रामनाथ कुरील समेत पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रवि कुमार सिंह, सीओ घाटमपुर