कानपुर के पनकी कटरा में रहने वाले हिजड़े हेमा के घर गुरुवार देर रात 400 ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी के गहने और छह लाख की नगदी समेत करीब 18 लाख रुपये की चोरी हो गई। हेमा अपने गुरु रेखा के साथ रहते हैं। दोनों ही लोग लखनऊ में चल रहे एक अधिवेशन में शामिल होने गए हैं।
पुलिस का कहना है कि उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का सही आकलन हो सकेगा। पड़ोसी नवाब ने पुलिस को बताया कि हेमा और रेखा लखनऊ गए हैं। इस कारण दो दिन से उनके घर में ताला लगा था। शुक्रवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने उनके घर के मेन गेट का ताला टूटा देखा। इसके बाद लोग भीतर गए तो अलमारी और बक्शों के ताले टूटे पड़े थे।
सामान भी बिखरा पड़ा था। इसके बाद लोगों ने पुलिस और फिर हेमा को मोबाइल से चोरी की सूचना दी। हेमा ने मोहल्ले वालों को मोबाइल पर बताया कि घर में चार सौ ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी और छह लाख रुपये नगद रखे थे। उन्होंने बताया कि दोनों लोगों को हज पर जाना था, इस कारण नगदी इकट्ठा करके रखी थी। पनकी एसओ का कहना है कि दोनों के घर लौटने के बाद तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- बंद घर से चार सौ ग्राम सोना, डेढ़ किलो चांदी और छह लाख नगदी चोरी
- इस घर में रहने वाले गुरु और शिष्य लखनऊ अधिवेशन में गए हैं
- मोहल्ले वालों को फोन पर बताई चोरी गए माल की अनुमानित राशि