कानपुर देहात। जनपद में अकबरपुर के प्रसिद्ध गौरियापुर आश्रम व रूरा के बालाजी मंदिर समेत आठ स्थानों पर हाईमास्ट लगाकर दूधिया रोशनी की जाएगी। इसके लिए प्रति हाईमास्ट करीब 1.73 लाख रुपये से अधिक का खर्च आएगा। नवंबर अंत में काम शुरू होने की उम्मीद है।
प्रमुख व प्रसिद्ध स्थानों पर शाम होने के बाद दूधिया रोशनी करने के लिए हाईमास्ट लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था। इसकी मंजूरी मिलने और उप्र लघु उद्योग निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। प्रत्येक चिह्नित स्थान पर एक 10 मीटर ऊंचे लोहे के राउंड पोल पर 200 वॉट की 6 एलईडी लाइटें लगाई जाएगी। इससे शाम होते ही परिसर व आसपास दूधिया रोशनी होगी। इससे इन स्थानों पर रात में सहूलियत होगी।
अकबरपुर के गौरियापुर आश्रम, सरवनखेड़ा के लोधीपुर, रैपालपुर आश्रम, जैनपुर में यूपीसीडा पार्क, कारी कलवारी ग्राम पंचायत सचिवालय, रूरा का बालाजी मंदिर, रनियां के शिवपुरी में बलखंडेश्वर मंदिर व मैथा के नौबस्ता में हाई मास्ट लाइट लगाने की तैयारी है। नवंबर अंत में काम शुरू होने की उम्मीद है। तीन माह में काम पूरा कराने का लक्ष्य है। हाई मास्ट लाइटें लगने से शाम होते ही ये परिसर दूधिया रोशन होंगे। इसपर कुल करीब 13.91 लाख से अधिक खर्च का अनुमान है। कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि ठेकेदार चयन की प्रक्रिया की जा रही है। इस माह के अंत तक काम शुरू होने की उम्मीद है।