राजपुर। यमुना पट्टी के गौरीरतन बांगर गांव के ग्राम सचिवालय के पीछे रात के अंधेरे में जुआ खेल रहे आठ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एक युवक भागने में सफल रहा।
राजपुर थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गौरीरतन बांगर गांव के ग्राम सचिवालय के पीछे सुनसान जगह पर जुएं का फड़ सजने की जानकारी हुई। राजपुर चौकी प्रभारी गुरेंद्र प्रताप सिंह ने टीम के साथ छापेमारी की। पुलिस की घेराबंदी में सिकंदरा के मुबारकपुर निवासी जितेंद्र कुमार व रोहित कुमार, हाजिरपुर निवासी विमल सिंह व गोपालपुर निवासी आलोक सिंह, जालौन जिले के निपनिया थाना सिरसा कलार मनीष, सरैनी सिरसा कलार निवासी राजकुमार सिंह, चुर्खी के मुसमरिया निवासी अर्जुन सिंह, पिथऊपुर सिरसा कलार निवासी जयवीर सिंह को दबोच लिया।
वहीं, अमराहट थाना क्षेत्र के अरसुन निवासी उमेश यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने फड़ से 12,200 और तलाशी में 9800 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा दो कार तथा दो बाइक, आठ मोबाइल फोन, लाइटर, मोमबत्ती व ताश की गड्डियां भी बरामद की हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी को गिरफ्तार कर जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। (संवाद)