कानपुर। महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) लालबंगला में छात्राओं को आठ कोर्स में दाखिला नहीं मिलेगा। संस्थान में सिर्फ चार कोर्स में ही प्रवेश लिए जाएंगे। आठ कोर्स के शिक्षकों के पद सृजित न होने की वजह से स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग पोर्टल ने इन कोर्स की सीटों को ही नहीं खोला है। पिछले वर्ष तक इन कोर्स में दाखिले हुए हैं।
प्रधानाचार्य चंदन कुमार चौरसिया ने बताया कि इस बार फिटर की 20 सीट, फैशन डिजाइनिंग की 48, ड्राफ्टमैन एंड सिविल (डीएमसी) की 24 और मशीनिस्ट की 20 सीटों पर ही दाखिले होंगे। फैशन डिजाइनिंग का कोर्स एक साल और बाकी तीन कोर्स चार साल के हैं। कुल 112 सीटों पर ही दाखिले लिए जाएंगे।
इलेक्ट्रीशियन, स्टेनो (हिंदी), रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग (आरएसी), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, मैकेनिक डीजल, कंप्यूटर आपरेटर प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), बेल्डर, सिवइंग टेक्नोलॉजी के कोर्स बंद हो गए हैं। इन आठ कोर्स में वर्ष 2018 से प्रवेश होते रहे हैं। पिछले साल तक प्रवेश हुए हैं। इस साल पोर्टल पर इनकी सीट नहीं खुली इन ब्रांच शिक्षक का कोई पद सृजित नहीं है। अब तक दूसरे ब्रांच के शिक्षक मिलकर पढ़ाते रहे हैं। इन ब्रांच में पद सृजित करने के लिए विभाग को लिखा गया है।