कानपुर देहात। ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी से पहले बृहस्पतिवार को ईदगाह सहित नगर भर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। पैगंबर हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल की कुर्बानी का मशहूर वाकिया इमामों ने बयान करते हुए कहा कि जरूरत पड़े तो मुसलमान अल्लाह की राह में अपनी सबसे प्यारी चीज कुर्बान करने में पीछे न रहें।
नमाज के बाद अवाम की हिफाजत, मुल्क की खुशहाली, तरक्की और इत्तेहाद के लिए दुआ की गई। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। मुख्य नमाज अकबरपुर के बाढ़ापुर स्थित ईदगाह पर अदा की गई। यहां के शहर काजी उवैद अख्तर रजा ने नमाज अदा कराई। यहां पर बड़ी संख्या में लोग नमाज पढ़ने पहुंचे थे। इस मौके पर सभी ने एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबादी दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अम्बरीश सिंह गौर ने भी मुबारकबाद दी। वहीं राजपुर में त्याग और बलिदान के त्योहार ईद-उल-अजहा को शांति और उत्साह के साथ मनाया गया। ईदगाह में मौलाना अनीसुर्रहमान ने नमाज अदा कराई।
नमाजियों ने ईदगाह और स्थानीय मस्जिदों में नमाज अदा कर देश व समाज की खुशहाली के लिए दुआ की। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म अदा की गई। सुरक्षा के लिहाज से मस्जिदों के बाहर पुलिस तैनात रही। सिकंदरा की ईदगाह में मौलाना शाहिद रजा, खजूर वाली मस्जिद में हाफिज मुजीब रजा, पुरानी बाजार की बाबा मस्जिद में मौलाना कुर्बान अली व मदीना मस्जिद में मौलाना कोशर ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। अमरौधा में बड़ी ईदगाह व नूरी जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई। नूरी मस्जिद में मौलाना इकबाल अहमद व ईदगाह में सीबू हाफिज ने नमाज पढ़ाई। चौकी प्रभारी अमित पोरवाल ने सभी को बकरीद की मुबारकबाद दी। लेखपाल ज्ञानेश कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि नासिर, अनस करैशी व अन्य मौजूद रहे।
.......................
अमन चैन की मांगी दुआ, एक दूसरे को दी मुबारकबाद
रसूलाबाद। बेला मार्ग स्थित प्राचीन ईदगाह में ईद-उल-अजहा के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने मौजूद होकर नमाज अदा की। पेश इमाम हाजी अब्दुल रऊफ खान बकाई ने नमाज से पहले बयान करते हुए कहा कि त्योहार आपसी इखलाक और मोहब्बत का पैगाम देता है। इसके अलावा बिरहुन, कहिंजरी, असालतगंज, तिश्ती, पहाड़ीपुर, सेननाय मोहम्मद नगर सहित अन्य स्थानों पर लोगों ने नमाज अदा कर त्योहार को उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षा बल तैनात रहा। एसडीएम शिखा संखवार ने सभी से मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। यहां तहसीलदार संतोष कुमार, सीओ आलोक कुमार, थाना प्रभारी शिव नारायण सिंह मौजूद रहे। (संवाद)
...................
गले मिल दिया आपसी सौहार्द का संदेश
डेरापुर। ईद-उल-अजहा पर बड़ी ईदगाह, मदीना मस्जिद, शादी शाह दरगाह वाली मस्जिद, महमूदापुर ईदगार समेत सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों पर बृहस्पतिवार को नमाज अदा की गई। लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बड़ी ईदगाह में पेश इमाम हाफिज रजा हसन चिश्ती ने नमाज अदा कराने से पहले तकरीर करते हुए कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और इंसानियत की राह पर चलने की सीख देती है। अल्लाह की रजा के लिए इंसान को लालच, बुराइयों और अहंकार का त्याग करना चाहिए। नमाज के बाद लोगों ने मुल्क की खुशहाली और अमन-चैन की दुआ की। यहां पूर्व चेयरमैन प्रभाकर मिश्रा, चेयरमैन प्रतिनिधि अंसार अली, सज्जक राइन, जमील खां, हिम्मत सिंह यादव व अन्य मौजूद रहे। (संवाद)
.......................