कानपुर देहात। शिवली कल्याणपुर मार्ग पर बैरी सवाई के पास शुक्रवार रात आठ बजे की करीब एक वैन सामने से आए वाहन से बचने में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच को सुरक्षित बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया गया। चालक मौके से लापता है।
कानपुर के ईडबल्यूएस 559 आवास विकास कल्याणपुर-3 निवासी राजकिशोर अग्निहोत्री परिवार के साथ ईको कार से सास लीलावती की त्रियोदशी संस्कार में शामिल होने औरैया के सहायल गांव गए थे। वहां से सभी शाम 5:30 बजे के करीब घर ले लिए वापस निकले। कार में चालक समेत 10 लोग सवार थे। रात आठ बजे के करीब शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर बैरी गांव के सांचुला माता मंदिर के पास पहुंचने पर सामने से आए एक वाहन की तेज रोशनी पड़ने व उससे बचने में कार अनियंत्रित होकर तालाब में चली गई। हादसा देख आस-पास के लोग माैके पर पहुंचे। इधर हादसे की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार के अंदर फंसे लोगों को निकाल कर शिवली सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉ. सुरभि ने राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता (55), बेटी राखी उर्फ हिमांशू अग्निहोत्री (35), नाती शिव (2) को मृत घोषित कर दिया। जबकि कृतिका अग्निहोत्री (30), सुधा (45) पत्नी संजय वाजपेई, वानी अगिनहोत्री (3) पुत्री अंकुर, कान्हा (4) पुत्र संजय, सुधांशु (24) पुत्र राजकिशोर को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। वहीं कानपुर कल्याणपुर निवासी चालक राजकुमार मौके से गायब मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे की जानकारी पर एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, एएसपी राजेश पांडेय, एसडीएम मैथा राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
..................
बयान...
कार सवार सभी एक ही परिवार के लोग है। सभी औरैया के त्रियोदशी संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में दंपती, उनकी बेटी व नाती की मौत हुई है। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर किया गया है। हादसे की सही कारणों की जांच की जा रही है। - एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय।