कानपुर। अनवरगंज थाना क्षेत्र में डिप्टी पड़ाव पर सवारी बनकर बैठे लुटेरे ने ई-रिक्शा चालक को लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। बेहोश होने पर ई-रिक्शा लूटकर भाग निकला।
सीतापुर के थाना पिसावां के साहबनगर निवासी होरीलाल के अनुसार वह चमनगंज में हलीम कॉलेज चौराहे के पास किराये पर रहते हैं। 15 अक्तूबर की सुबह 7:30 बजे लक्ष्मीपुरवा गए थे। वहां एक व्यक्ति ने बादशाहीनाका सब्जी मंडी से सब्जी लाने के लिए 200 रुपये में भाड़ा तय किया। डिप्टी पड़ाव चौराहे के पास जेब से लड्डू निकलकर खाने को दिया। लड्डू खाते ही कुछ सेकेंड में बेहोश हो गए। आरोपी ने उन्हें जमीन पर लिटाकर रिक्शा लेकर चला गया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अनवरगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। (संवाद)