रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के महेरा गांव के पास औरैया के ढाबा कर्मी की गला घोंटकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पूछताछ में हत्यारोपी चालक ने ढाबा कर्मी की लूटपाट के बाद गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल की है।
एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह, सर्विलांस प्रभारी प्रवीण यादव व एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा ने अपनी टीम के साथ बुधवार सुबह भवनपुर और नारखुर्द गांव के बीच घेराबंदी कर भवनपुर निवासी प्रह्लाद संखवार (36) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से औरैया जनपद के जरहौलिया निवासी ढाबा कर्मी सुनील कुमार (40) का मोबाइल व 1740 रुपये बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपी प्रह्लाद ने बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है। 25 मई को वह रसूलाबाद से सवारियां लेकर मिंडाकुआं जा रहा था। सभी सवारियां उतरने के बाद शराब के नशे में धुत ढाबा कर्मी सुनील को सूकमपुर छोड़ने के लिए ले जा रहा था। रास्ते में सुनील के पास नकदी व मोबाइल देखकर उसकी नीयत खराब हो गई। इस पर महेरा मोड़ के पास उसने गला दबाकर ढाबा कर्मी की हत्या कर दी और मोबाइल व चार हजार रुपये लूटने के बाद शव सड़क किनारे खंती में फेंक कर भाग गया।
बताया कि उसने मोबाइल गांव के ही अजय को उधार में बेच दिया था लेकिन रुपये न मिलने पर मोबाइल वापस ले लिया। बता दें कि 29 मई को सुनील का शव सलेमपुर महेरा के पास पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंट कर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर ढाबा कर्मी के पिता संतोष यादव ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
...............
बयान....
ढाबाकर्मी की हत्या के मामले की जांच के दौरान पुलिस को सर्विलांस व मैनुअल तंत्र से ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कई सुबूत मिले थे। बुधवार को पुलिस ने हत्यारोपी ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। वहां से उसे जेल भेजा गया है। - आलोक प्रसाद, एएसपी