कानपुर में कल्याणपुर के दयानंद विहार में राष्ट्रपति आवास में तैनात सिपाही को ई-रिक्शा चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी डंडों से पीटा। उसकी वर्दी फाड़ दी। हमले में सिपाही की एक अंगुली भी टूट गई है। सोमवार को सिपाही ने कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
छोटी लाइन रेलवे कॉलोनी आवास विकास सीतापुर निवासी विकास सुधाकर राष्ट्रपति के आवास में तैनात है। विकास के मुताबिक 9 तारीख को वह बाइक से मंधना जा रहे थे। कल्याणपुर में रतन प्लेनट (अपार्टमेंट) के पास ई-रिक्शा चालक दानिश ने रोक लिया। कहासुनी के बाद दानिश अपने दो साथियों के साथ बीच सड़क मारपीट करने लगा। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी भाग निकले।
कल्याणपुर सीओ अजय कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालना, मारपीट, धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।