कानपुर देहात। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अकबरपुर थाने में कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे की जानकारी शुक्रवार को लखनऊ जाकर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को दी है। धरने पर बैठी राज्यमंत्री को एसपी ने शुक्रवार को जांच के बाद थाना प्रभारी को हटाने और कार्यकर्ताओं पर लगे मुकदमे को स्पंज करने आश्वासन मिला था। हालांकि दिन भर के इंतजार के बाद भी इसमें कुछ भी नहीं हुआ। इस बात का अंदेशा होने की वजह से राज्यमंत्री दिन में ही लखनऊ रवाना हो गई थीं।
दूसरी ओर, कार्यकर्ताओं के फिर से थाने के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन करने की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को भी थाने के गेट की मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग लगी रही। बता दें कि बदलापुर में राज्यमंत्री की निधि से बन रही सड़क का काम रुकवाया गया था। इस मामले में मंगलवार को ठेकेदार बारा निवासी जहूर ने वार्ड के सभासद शमशाद के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद गुरुवार को बदलापुर निवासी बाबूराम ने राज्यमंत्री के समर्थक शिवा पांडेय, अबरार, युसुफ, यासिर, असलम के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
इस बात की जानकारी पर गुरुवार दोपहर तीन बजे राज्यमंत्री अकबरपुर थाने पहुंचीं और थाना प्रभारी पर गलत तरीके से समर्थकों पर फर्जी मुकदमा लिखने का आरोप लगाकर धरने पर बैठ गई थीं। मौके पर जिलाधिकारी आलोक सिंह, एसपी अरविंद मिश्रा समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें मनाया लेकिन वह कार्रवाई की बात पर अड़ी रहीं। मामला शासन तक पहुंचा और उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद रात में एसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद मंत्री ने कई आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन दिया था जिसमें जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।
शुक्रवार को राज्यमंत्री के प्रमुख सचिव से मिलने के बाद मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचने की भी चर्चा चलती रही। राज्यमंत्री ने इस मामले में शनिवार को मुख्यमंत्री से मिलने की भी बात कही है।
सरकार का गुमराह कर रहे एक जाति विशेष के लोग-वारसी
पूर्व सांसद व राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी इस मामले पर काफी खफा हैं। उनका कहना है कि उनके क्षेत्र के पार्टी के प्रमुख जनप्रतिनिधि और उनसे जुड़े लोग मुख्यमंत्री को गुमराह कर एक जाति को बढ़ावा दे रहे हैं, इसका वह खुलकर विरोध करेंगे। ऐसे लोगों को सरकार में बढ़ावा मिल रहा है जिससे यह संदेश जा रहा है कि प्रदेश भर में एक जाति को तवज्जो दी जा रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि सबसे ज्यादा ब्राह्मणों के साथ सरकारी मशीनरी अन्याय कर रही है। पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा को सपा जैसी स्थिति में पहुंचाने के लिए एक विशेष जाति के लोग काम कर रहे हैं जिसमें अधिकारी भी शामिल हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से मिलकर की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इंस्पेक्टर को नहीं हटाया जाता है तो वह हजारों समर्थकों के शनिवार को जाकर थाने का घेराव करेंगे।