कानपुर देहात। जनगणना-2027 के लिए अब हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) के अनुसार प्रगणकों को ड्यूटी दी जा रही हैं। अकबरपुर तहसील में दो दिन में करीब साढ़े तीन सौ प्रगणकों को पहचान पत्र देकर ड्यूटी दी गई। इसके साथ ही जनगणना किट भी दी गई है। 22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर घरों, सुविधाओं व परिवार के सदस्यों की संख्या की जानकारी का ब्योरा लेंगे।
अकबरपुर तहसील के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र के 539 एचएलबी बनाई गई हैं। इसी के अनुसार प्रगणकों की ड्यूटी लगी है। एचएलबी के अनुसार की प्रगणक तय किए गए हैं। सोमवार से पहचान पत्र व ड्यूटी सौंपने काम शुरू हो गया था। पहले दिन सौ प्रगणकों को ड्यूटी दी गई। मंगलवार को भी सुबह 10 बजे से ही तहसील सभागार में प्रगणक जुटे। नायब तहसीलदार रवींद्र कुमार मिश्र ने प्रगणकों को एचएलबी के अनुसार दायित्व साैंपा। करीब ढ़ाई सौ प्रगणकों को ड्यूटी दी गई। छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर की तैनाती की गई है।
नायब तहसीलदार ने बताया कि जनगणना और मकान सूचीकरण में एचएलबी एक निश्चित भौगोलिक कार्यक्षेत्र है। इसमें प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। प्रति एचएलबी लगभग 120 से 150 घर शामिल हैं। हर प्रगणक को आवंटित एचएलबी का एक नक्शा दिया गया है। इसमें गलियों, रास्तों और सभी भवनों की स्थिति दर्शाई गई है। इसी आधार पर प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों की सूची तैयार करेंगे।