कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र स्थित जहांगीराबाद के समीप एक रिसार्ट में गुरुवार देर रात चल रहे एक रिसेप्शन समारोह में बिन बुलाए मेहमान के तौर पर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे एक दारोगा ने डीजे पर नाचने के दौरान एक युवक की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद रिसेप्शन समारोह में जमकर बवाल हुआ। समारोह में मौजूद अन्य लोगों ने दारोगा को पीटने का प्रयास किया, लेकिन साथी पुलिस कर्मी उसे बचाकर ले गए। शिकायत के बाद एसएसपी ने दारोगा को लाइनहाजिर कर दिया है।
बेंदा निवासी ग्राम प्रधान विकास यादव के भाई की शादी का आशीर्वाद समारोह गुरुवार को जहांगीराबाद स्थित आरके रिसार्ट में था। इसमें विकास के रिश्तेदार, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, क्षेत्र के तमाम प्रधान आदि मौजूद थे।
देर रात 11 बजे सिपाही संजीव यादव, मनेंद्र व महेंद्र सिंह के साथ सिविल ड्रेस में चौकी के सब इंस्पेक्टर अमित शर्मा रिसार्ट पहुंचे। दरोगा ने बंद हो चुके डीजे को अपना परिचय देकर शुरू कराया। इसके बाद उन्होंने नाचना शुरू कर दिया।
इस दौरान घाटमपुर निवासी आदित्य यादव भी डांस करने पहुंच गया। आरोप है कि यह बात दारोगा अमित को बेहद नागवार गुजरी और उसने आदित्य का गला दबाकर ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। आदित्य की पिटाई देख मौके पर मौजूद अन्य लोग दारोगा की ओर लपके, लेकिन माहौल भांप साथ में नाच रहे साथी पुलिस कर्मी उसे बचाकर रिसार्ट से बाहर निकाल लाए और भाग निकले।