कानपुर। सचेंडी के भौंती प्रतापपुर में रविवार भोर में एक डंपर ने करीब दो दर्जन बिजली के पोल तोड़ दिए। इससे चार गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। डंपर पेड़ से टकराकर एक मकान का छज्जा भी क्षतिग्रस्त कर गया।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। बिजली विभाग ने नए पोल लगवाने का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, पूरी तरह से बिजली सुचारू होने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चालक डंपर का हाइड्रोलिक प्रणाली खुला छोड़कर भाग गया था। यह डंपर क्षेत्र की एक मिल का बताया गया। एसीपी पनकी मनोज सिंह और सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा मौके पर पहुंचे। लेखपाल, कानूनगो और हाइडिल के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने फैक्टरी बंद कराने का आश्वासन दिया।
भाजपा नेता शुभम शुक्ला ने बताया कि उन्होंने 16 मार्च को मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। इसमें फैक्टरी से होने वाले प्रदूषण की शिकायत की गई थी। फैक्टरी से गंदा पानी पांडु नदी में बहाया जाता है। गंदगी लेकर डंपर आते-जाते रहते हैं और रास्ते में गिरती है। चिमनी से निकलने वाला गंदा धुआँ स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है।
डंपर ने पोल तोड़ दिए हैं। कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। डंपर चालक की तलाश की जा रही है। विद्युत विभाग तहरीर देगा तो कार्रवाई की जाएगी। - दीनानाथ मिश्रा, सचेंडी इंस्पेक्टर
डंपर की टक्कर से आठ से दस पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। नए पोल लगाने और मरम्मत के लिए गैंग लगा दी गई है। जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है। नुकसान का आकलन कर तहरीर दी है। - राजकुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, हाइडिल