कानपुर। कटरी के इलाकों में बाढ़ का पानी कम नहीं हो रहा है। चैनपुरवा, भगवानदीनपुरवा सहित अन्य जगहों पर नाव और कुछ जगहों पर लोग ट्रैक्टर से आवागमन कर रहे हैं। सड़कें, चट्टे पानी से भरे हुए हैं। प्रशासन के अधिकारी लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं।
ख्योरा कटरी, दुर्गापुरवा, भगवानदीनपुरवा, भोपालपुरवा, रानीघाट और चैनपुरवा में सड़कों व संपर्क मार्गाें पर पानी भरा है। यहां के निवासियों का शहर से संपर्क कट गया है। बीडीसी शिवकुमार ने बताया कि चैनपुरवा सहित आसपास के सात गांवों में सात नाव लगाई गई हैं। नाविक भी अपनी नावों से ग्रामीणों को लाने-ले जाने में मदद कर रहे हैं। वहीं, दिबनीपुरवा, रामपुर, पहाड़ी पुरवा, छोटा व बड़ा मंगलपुर, नत्थापुरवा, कद्दूपुरवा और कल्लू पुरवा गांव भी पानी से घिरे हुए हैं।
बुधवार को बैराज पर गंगा का जलस्तर 114.79 मीटर था। एक दिन पहले भी इतना ही था। यह खतरे के निशान से मात्र 21 सेमी कम है। नरौरा से 1,34,584 और हरिद्वार से 1,34,433 क्यूसेक पानी आया। अभी भी बैराज के सभी 30 गेट खोलकर 4,36,807 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
वर्जन
दो दिन से स्थिति सामान्य है। बारिश न होने से अब जलस्तर घटने की उम्मीद है।
-पंकज गौतम, अधिशासी अभियंता, बैराज निर्माण खंड-2