कानपुर में स्वरूपनगर पुलिस की लापरवाही के चलते एक महिला का शव एक सप्ताह से पोस्टमार्टम हाउस में पड़ा है। परिजनों और पोस्टमार्टम कर्मियों के बुलाने के बाद भी पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए नहीं पहुंच रही है। शव के सड़ने की वजह से लोग परेशान हैं।
फर्रुखाबाद की रहने वाले इलियास की पत्नी नीलू (35) को बीमारी के चलते हैलट में भर्ती कराया गया था। 24 सितंबर को नीलू की मौत हो गई थी। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना स्वरूपनगर थाना पुलिस को दे दी। पहले तो दो दिन पुलिस ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया। 26 सितंबर को पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव मॉर्चुरी से पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया लेकिन शव का पोस्टमार्टम कराने की सुध नहीं ली। पोस्टमार्टम कर्मियों के बुलाने के बाद भी पुलिस वाले नहीं पहुंचे। इसके चलते शव का अब तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। स्वरूपनगर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कराने के साथ ही बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।