वीडियो वायरल होते ही दुकानों पर उमड़ी भीड़
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग बताए गए दुकानों पर पहुंचने लगे। होटल संचालक रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अनुराग के नाम से जारी टोकन के जरिए 340 लोगों ने डोसा खाया। सुभाष ने बताया कि उनकी दुकान पर करीब चार हजार रुपये की चाट बिकी।
इसके अलावा करीब 2200 रुपये के समोसे, 250 भटूरे और पूड़ी की थालियां भी लोगों ने खाईं। उन्नाव शहर की एक पिज्जा दुकान पर करीब 50 लोगों ने पिज्जा खाया। दुकानदारों के मुताबिक अनुराग की ओर से भेजे गए लोग भी मौके पर मौजूद रहे और लोगों को खाना खिलाने के बाद दुकानदारों को भुगतान किया गया।
जन्मदिन पर दुबई से दी स्थानीय लोगों को दावत
अनुराग ने अपने जन्मदिन का जश्न दुबई में रहते हुए स्थानीय लोगों के साथ अलग अंदाज में मनाया। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के जरिए उन्होंने लोगों को अपनी पसंद के व्यंजन मुफ्त में खाने का मौका दिया। इसके बाद नवाबगंज से लेकर उन्नाव शहर तक कई दुकानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई।
ईडी की जांच के बाद दुबई में रह रहे अनुराग
अनुराग द्विवेदी सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के बाद से दुबई में रह रहे हैं। ईडी ने 17 दिसंबर 2025 को उनके पैतृक गांव नवाबगंज और लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इसके बाद से वह दुबई में रहकर अपने ऑनलाइन कारोबार का संचालन कर रहे हैं।
भव्य शादी से भी सुर्खियों में आए थे
अनुराग द्विवेदी 22 नवंबर 2025 को दुबई में क्रूज पर हुई अपनी भव्य शादी को लेकर भी चर्चा में आए थे। समारोह में बॉलीवुड की कई हस्तियों के शामिल होने की बात सामने आई थी। उन्होंने नवाबगंज से करीब 30 लोगों को हवाई जहाज से दुबई बुलाकर शादी समारोह में शामिल कराया था। उनकी लग्जरी जीवनशैली और सोशल मीडिया पर साझा किए जाने वाले वीडियो अक्सर चर्चा में रहते हैं।