दादा बोले- पोता नशे का लती है
सुबह करीब छह बजे जब रामपाल घर पर सो रहा था। तभी बेटे ने लाठी से हमला कर दिया। सिर और मुंह में एक के बाद एक कई प्रहार करने से रामपाल लहूलुहान हो गया। चीख सुनकर दौड़े परिजन उसे खून से लथपथ हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले गए, जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता श्रीपत ने बताया कि उनका पोता रमाशंकर नशे का लती है।
पारिवारिक विवाद में किया है हमला
पूरे दिन कोई काम न करने पर पिता खेती में हाथ बंटाने की बात कहता था। इससे नाराज होकर उसने घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही सीओ कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार, कोतवाली प्रभारी राधेश्याम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की बारीकी से जांच की। सीओ का कहना है कि पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता पर हमला किया, इससे मौत हुई है। आरोपी रमाशंकर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बेटे को छुड़ाने के लिए पिता ने बेच दी थी जमीन
पिता की हत्या का आरोपी रमाशंकर चार साल पहले दुष्कर्म के मामले में जेल गया था। तब पिता रामपाल ने जमीन बेचकर जमानत कराई थी। उसके बाद भी बेटे की आदत में कोई सुधार नहीं हुआ और वह पूरे दिन नशे व अन्य आपराधिक गतिविधियों में रहता था। आएदिन विवाद होने पर खुन्नस में बेटे ने पिता की ही हत्या कर दी।
पांच साल से मायके में रह रही है पत्नी
रमाशंकर के नशे का लती होने और कोई काम न करने पर पांच साल पहले पत्नी मायके चली गई थी। तब से वह ससुराल नहीं आ रही थी। कई बार परिजनों ने उसे बुलाने का प्रयास किया लेकिन वह पति की आदत में सुधार न होने तक साथ रहने को तैयार नहीं हुई। इससे रमाशंकर पूरे दिन शराब और गांजे के नशे में घूमता फिरता रहता था।