कानपुर। किदवईनगर में नशेबाज कार सवार युवकों के बाइक सवार प्राइवेट बैंककर्मी को पीटने पर रविवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। भीड़ जुटी तो नशे में धुत कार सवार युवक और युवती कार छोड़कर मौके से भाग निकले। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ किदवईनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नौबस्ता के बाबानगर निवासी आर्यन सोनकर प्राइवेट बैंक कर्मी हैं। आर्यन के अनुसार रविवार देर रात वह बाइक से घर जा रहे थे। पराग डेयरी के सामने वह एक कार को ओवरटेक कर रहे थे। तभी चालक ने दरवाजा खोल दिया जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरे। उन्होंने विरोध किया तो कार से नशे में धुत दो युवक और एक युवती उतरे। उन लोगों ने गालीगलौज करते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
आरोप लगाया कि युवकों ने असलहे की बट मारी और उनका मोबाइल तोड़ दिया। सोने की चेन तोड़ ली और जेब से 1270 रुपये भी निकाल लिए। आसपास के लोग मदद को आए तो आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। राहगीर के फोन से परिजनों को सूचना दी तो वे मौके पर आए। तब तक पुलिस भी पहुंची। कार में बोतलें मिलने पर परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इसको लेकर पुलिस ने उनकी नोकझोंक भी हुई। किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेेंद्र कुमार राम ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।