लीग में खेलते दिखेंगे पीयूष चावला
इस बार यूपी टी-20 लीग में लेग स्पिनर पीयूष चावला भी गेंदबाजी करते दिखेंगे। मुरादाबाद के 35 वर्षीय पीयूष चावला 2016 से गुजरात टीम का हिस्सा हैं। सात साल बाद वह यूपीसीए के टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से 23 अगस्त से लखनऊ में यूपी टी-20 लीग के दूसरे सत्र का आयोजन किया जाएगा।
2016 से गुजरात टीम का हैं हिस्सा
ऑक्शन लिस्ट में पीयूष चावला का नाम भी शामिल हैं। फ्रेंचाइजी की नजर अब उन पर रहेगी। पीयूष ने उत्तर प्रदेश के लिए अपना आखिरी मैच अक्तूबर 2016 में जयपुर में बंगाल के खिलाफ खेला था। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 192 विकेट लेने वाले पीयूष श्रेष्ठ गेंदबाजों की श्रेणी में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2005 में यूपी टीम में पदार्पण किया था।
सात साल बाद यूपी में खेलते आएंगे नजर
तीनों फॉर्मेट में उन्होंने 1014 विकेट लिए हैं। वह प्रथम श्रेणी में 445, लिस्ट ए में 254 और टी-20 में 315 विकेट ले चुके हैं। वह भारत के लिए तीन टेस्ट, 25 वनडे और सात टी-20 भी खेल चुके हैं। साथ ही 2007 टी-20 विश्वकप व 2011 वनडे विश्वकप विजेता दल के सदस्य भी रहे हैं। गुजरात जाने से पहले पीयूष ने यूपी टीम से रणजी ट्रॉफी के 80 मैच खेले थे।
खिलाड़ियों की नीलामी 28 जुलाई को
यूपीसीए की ओर से 23 अगस्त से लखनऊ में खेली जाने वाली यूपी टी-20 लीग के दूसरे सत्र के लिए 158 खिलाड़ियों की नीलामी 28 जुलाई को होगी। यूपी टी-20 मैनेजमेंट ने बुधवार को इन खिलाड़ियों की सूची जारी की है। सूची में कानपुर के 13 खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि इस सूची में अभी भी संशोधन किया जा सकता है। इसके अलावा इन खिलाड़ियों के बेस प्राइस का फैसला भी जल्द होगा।