कानपुर। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) के छात्रों ने कृषि क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए एडवांस्ड मल्टीपर्पस ड्रोन विकसित किया है। यह फसलों की निगरानी के साथ रोग और संभावित उपज का आकलन करने में सक्षम है। ड्रोन का उद्घाटन कुलपति प्रो. समशेर और रजिस्ट्रार अमित कुमार राठौर ने किया।
इस प्रोजेक्ट के लिए विश्वविद्यालय को कुल 37.6 लाख की फंडिंग मंजूर हुई है। प्रोजेक्ट में प्रो. एके राठौर (केमिकल इंजीनियरिंग) और डॉ. विवेक वर्मा (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) को-इन्वेस्टिगेटर हैं। पहले चरण को छात्रों ने पूरा किया। टीम में बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के कृष्ण मुरारी गुप्ता, उदित गुप्ता, हिमांशु मौर्य और अमय मिश्रा शामिल हैं।
एआई से होगी फसल की निगरानी
छात्रों ने इंटीग्रेटेड फ्लाइट कंट्रोलर से लैस ड्रोन तैयार किया है। एडवांस्ड सेंसर की मदद से खेतों और फसलों का डेटा जुटाया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्रॉप हेल्थ डेटासेट और वेजिटेशन इंडेक्स का इस्तेमाल किया गया है। यह फसल में तनाव का पता लगाने, संभावित पैदावार का अनुमान लगाने में मददगार रहेगा। प्रोजेक्ट के अगले चरण में ड्रोन और सैटेलाइट से मिलने वाले डेटा को एक साथ जोड़कर किसानों के लिए ऑटोमेटेड क्रॉप हेल्थ रिपोर्ट तैयार की जाएगी।