आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख मार्गों पर एक ही नियम के उल्लंघन पर चार बार चालान होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। महकमा नया लाइसेंस नहीं जारी करेगा। सड़क हादसों को कम करने के लिए शासन स्तर से हर संभव प्रयास हो रहे हैं।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों पर रफ्तार के कहर पर ब्रेक लगाने व नियमों का पालन कराने के लिए चेकिंग अभियान चलेगा। अगर कोई चालक चार बार एक ही ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करते पकड़ा जाता है तो एआरटीओ से लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
दूसरी और तीसरी बार चालान में जुर्माना फीस बढ़ाई जाएगी। चौथी पर उल्लंघन करने पर डीएल निरस्त कर चालक के घर नोटिस भेजी जाएगी। आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों के जरिये वाहनों के चालान किए जा रहे है।
एआरटीओ संजय झा ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों पर नियमों की अनदेखी के कारण चालकों के चालान किए जा रहे हैं। इनसे जुर्माना वसूला जा रहा है। अगर कोई वाहन चालक बार-बार चालान होने के बाद भी परिवहन विभाग के नियमों की अनदेखी कर रहा है, और चार बार चालान हो जाता है तो ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।