बकेवर। नई पुरानी टंकी के बीच पाइप लाइनों का कनेक्शन न होने के कारण एक सप्ताह से इटावा रोड, औरैया रोड, लखना रोड व भरथना रोड के मोहल्लों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पानी न आने से लोगों को सुबह शाम की जरूरत का पानी जुटाने के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। लोग आसपास के घरों में लगे सबमर्सिबल से या पानी मांगकर काम चला रहे है।
कस्बा में पानी की नई टंकी का निर्माण किया गया है। अब इस टंकी से पुरानी टंकी की लाइनों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते पुरानी पाइप लाइन में पानी की आपूर्ति को पूरी तरह से रोक दिया गया है। वहीं अभी नई पाइपलाइन से लोगों को कनेक्शन ही नहीं दिए गए हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। लखना रोड निवासी सत्यव्रत मिश्रा ने बताया कि कई दिनों से लखना रोड पर पेयजल आपूर्ति नहीं आई जिससे घर के जरूरी कामकाज नहीं हो पाए। वहीं। इस संबंध में नगर पंचायत बकेवर के प्रभारी ईओ श्याम बच्चन सिंह सरोज ने बताया कि नई टंकी बनने से उसकी पाइप लाइन से कनेक्शन जोड़ने का काम चल रहा है। इस कारण यह समस्या आ रही है। जल्द कनेक्शन होने के साथ ही क्षेत्र में पेयजल सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।