कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले स्टूडेंटों को अब कोट, पैंट के बजाय सफेद शर्ट, डार्क कलर की काली पैंट और काला जूता पहनकर आना होगा। इसका सर्कुलर बुधवार को कुलपति प्रो. एसएल गोस्वामी ने जारी कर दिया। कुलपति ने कहा कि टी-शर्ट और जींस का पैंट पहनकर आने वाले स्टूडेेंटों को कैलाश भवन में इंट्री नहीं दी जाएगी।
18 मार्च को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के ड्रेस कोड को लेकर बुधवार को कृषि विश्वविद्यालय में मीटिंग हुई। कुलपति की अध्यक्षता वाली मीटिंग में कहा गया कि अब गर्मी पड़ने लगी है। अब कोट-पैंट पहनकर आने की अनिवार्यता ठीक नहीं है। सफेद शर्ट और पैंट पहनकर आने की इजाजत दी जा रही है। लड़कियों का ड्रेस कोड भी बदला है। अब उन्हें सफेद सलवार और कुर्ता पहनकर आना पड़ेगा। इससे पहले स्वेटर पहनकर आने की अनिवार्यता थी। शिक्षकों के ड्रेस कोड में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है। सभी शिक्षकों को गर्मियों में पहना जाने वाले कोट-पैंट पहनकर आना होगा। काले या फिर भूरे रंग का जूता भी पहनकर आया जा सकता है। सभी स्टूडेंटों को गले में उत्तरी डालना अनिवार्य है।