- बिठूर में कार की टक्कर से कारीगर की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर। बिठूर के मंधना-गंगाबैराज हाईवे पर सोमवार रात बेकाबू कार रावतपुर के अंसारी मोहल्ला निवासी रामबाबू (55) को 15 मीटर तक घसीटते ले गई थी। इससे उनके हाथ-पैर, सीने, सिर की हड्डियां चकनाचूर हो गईं। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 17 से ज्यादा गंभीर चोटें मिली हैं। डॉक्टर के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और कोमा में जाने से उनकी मौत हुई।
रावतपुर निवासी रामबाबू बिठूर के सिंहपुर में सरिया का जाल बनाने का काम करते थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वह साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी बेकाबू कार उन्हें टक्कर मार कर करीब 15 मीटर तक घसीटते ले गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अुनसार कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा रही होगी। हादसे के बाद चालक क्षतिग्रस्त कार लेकर भाग निकला। हालांकि घटनास्थल पर उसकी नंबर प्लेट गिर गई थी। मृतक के बेटे साहिल का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने उनके पिता के मोबाइल फोन से उन्हें कॉल कर मौके पर बुलाया। उन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 45 मिनट लग गए लेकिन इस बीच पिता को अस्पताल नहीं भेजा गया।
बाद में एंबुलेंस से बिना किसी पुलिसकर्मी के उन्हें हैलट साथ भेजा गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। साहिल का कहना है कि यदि समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद पिता जिंदा होते। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने आरोपों को खारिज करते लापरवाही से इन्कार किया। उनके अनुसार साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया था। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
..........