यूपी के चित्रकूट जिले में संघ संचालक डॉ. मोहन भागवत ने रविवार सुबह सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट रघुवीर मंदिर पर श्रीराम जानकी मंदिर पर पूजा अर्चना की है। इसी परिसर में बने भगवान शिव के मंदिर पर भी जलाभिषेक किया। रघुवीर मंदिर स्थित श्रीराम संस्कृत महाविद्यालय का भ्रमण किया। साथ ही वहां स्थित छात्रों से बातचीत की। मोहन भागवत ने जानकीकुंड में संचालित डिजिटल गोशाला का निरीक्षण कर गो-पूजन किया। साथ ही अस्पताल में चल रही गतिविधियों का स्थलीय भ्रमण किया।
डिजिटल गोशाला की ली जानकारी
भागवत ने डिजिटल गोशाला में गायों के डिजिटल कार्ड के बारे में जानकारी ली। इस दौरान डिजिटल गोशाला के प्रबंधक वेंकट रमन, सीईओ राजी वेंकट रमन, वेटरनरी डॉक्टर आलोक बाजपेई, डॉक्टर रामजी पाठक, पैरावेटरनरी जय प्रकाश, टेक्निकल टीम सुकीर्ति बाजपेई आदि लोग मौजूद रहे। इन्होंने बताया कि यह एक ऐसी गौशाला है, जहां गोवंश के डिजिटल कार्ड बनते हैं। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर जानकीकुंड स्थित परमहंस संत रणछोड़दास महाराज के स्थापित मानव सेवा एवं नेत्र चिकित्सा के लिए विख्यात संस्थान सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट का सदगुरु गौ सेवा केंद्र की स्थापना 1968 में की गई थी।
गौ सेवा सदन में गो-पूजन करते मोहन भागवत
- फोटो : अमर उजाला
यहां मौजूदा स्थिति में 1400 गाय हैं, जिसमें सभी का डिजिटल कार्ड बना हुआ है। ट्रस्ट द्वारा बताया गया है कि इंटरनेट आधारित एक विशेष सॉफ्टवेयर तैयार करवाया गया। गोसेवा केंद्र की सभी गोवंश का डाटाबेस तैयार किया गया है। इसमें जैसे ही गाय मुंह के सामने कैमरा स्क्रीन करेंगे.. वैसे ही गाय की नस्ल, उम्र, वजन, टीकाकरण, पूर्व में किया गया मेडिकल ट्रीटमेंट, फोटो जैसी समस्त जानकारियां कुछ ही सेकेंड में सामने आ जाती है। इस सदगुरु गो सेवा समिति की अध्यक्ष और संचालिका ऊषा जैन हैं।