विजेता डीपीएस कल्याणपुर की टीम।
- फोटो : संस्था
कानपुर। स्व. आत्माराम अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार को द स्पोर्ट्स हब में डीपीएस कल्याणपुर की टीम ने जीता। मुख्य अतिथि टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने विजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान की।
फाइनल मैच में सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 127 रन बनाए। टीम के नैतिक ने 70 रन जोड़े। वहीं डीपीएस कल्याणपुर ने 15.1 ओवर में दो विकेट खोकर 128 रन बनाए और आठ विकेट से जीत दर्ज की। डीपीएस की ओर से अस्मित ने 62 और प्रिंस ने 38 रन बनाए।
फाइनल में विजेता डीपीएस कल्याणपुर टीम को 1,11,000 रुपये और उपविजेता सेठ आनंद राम जयपुरिया को 51,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। रन रेट के आधार पर डीपीएस आजादनगर की टीम को द्वितीय उपविजेता के रूप में 11,000 रुपये दिए गए।
इससे पहले हुए सेमीफाइनल मैच में सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने मेथोडिस्ट हाईस्कूल को छह विकेट से और डीपीएस कल्याणपुर ने डीपीएस आजादनगर को आठ विकेट से हराया। मौके पर आर्यनगर विधायक अमिताभ वाजपेयी, कैंट विधायक मो. हसन रूमी, शशिकांत खांडेकर, संजीव पाठक, टीएसएच के निदेशक प्रणीत अग्रवाल मौजूद रहे।