कानपुर। सीबीएसई क्लस्टर-4 टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पहले दिन डीपीएस बर्रा ने अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। कमलानगर स्थित सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर में शुक्रवार से शुरू हुई तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 40 स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
पहले दिन अंडर-14 बालिका वर्ग के मुकाबलों में द चिंटल्स स्कूल कल्याणपुर ने सेंट मैरी स्कूल इटावा को 3-0 से हराया। दिबियापुर स्कूल ने जेबी एकेडमी अयोध्या को 3-1 से, डीपीएस बर्रा ने एलपीएस उन्नाव को 3-0 और एसएसडीसी कानपुर ने यश विद्या मंदिर अयोध्या को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
बालक वर्ग में एलपीएस एलडीए कॉलोनी लखनऊ ने सेंट मैरी इटावा को 3-0 से हराया। जेबी एकेडमी अयोध्या ने डीपीएस एलडीए लखनऊ को 3-1, यूपी सैनिक स्कूल लखनऊ ने सनबीम अयोध्या को 3-1 और डीपीएस बर्रा ने डीपीएस इटावा को 3-0 से शिकस्त दी।
वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में नवयुग रेडियंस लखनऊ ने एलेन हाउस खलासी लाइन कानपुर को 3-0, सेंट मैरी कॉलेज इटावा ने डीपीएस आजादनगर कानपुर को 3-2 और एलपीएस उन्नाव ने जय नारायण विद्यालय कानपुर को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक और सीबीएसई पर्यवेक्षक विवेक कुमार ओझा ने दीप जलाकर किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों का समन्वय छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य भावना गुप्ता समेत शिक्षक मौजूद रहे।