फतेहपुर जिले बिंदकी कोतवाली में तैनात एक दरोगा पर प्रयागराज केे झूंसी थाने में दहेज के लिए बारात न लाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में दरोगा समेत उसके परिवार के नौ लोग नामजद किए गए हैं। लड़की वालों ने एसपी राहुल राज को रिपोर्ट की प्रतिलिपि के साथ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रयागराज के झूंसी थानांतर्गत हवेलिया गांव निवासी दशरथ यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी भांजी की शादी जौनपुर जिले में मछलीशहर के कोढ़ा निवासी विपिन कुमार यादव के साथ तय की थी। मौजूदा समय विपिन मृतक आश्रित कोटे से उपनिरीक्षक पद पर बिंदकी कोतवाली में तैनात है। शादी में 15 लाख रुपये नगद और कार देने की बात तय हुई थी। 23 सितंबर 2017 को सगाई की रस्म अदा कराई। पांच लाख रुपये नगद, 80 हजार रुपये विदाई और करीब दो लाख रुपये खानपान में खर्च किए थे।
दोनों पक्षों में शादी 17 जनवरी 2019 में करने की बात तय हुई थी। दो लाख रुपये जमा कर विपिन के नाम कार फाइनेंस कराई। इसकी 20 हजार रुपये मासिक किस्त वह खुद अदा करते आ रहे हैं। इसके बाद सात दिसंबर को तिलक हुआ था। तिलक में 10 लाख नगद और अन्य सामान दिया गया। इसी बीच लड़के वालों ने दस लाख और देने की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर 17 जनवरी को बारात लेकर नहीं पहुंचे। आरोप है कि एतराज करने पर परिवार को जानमाल की धमकी दी जा रही है। एसपी राहुल राज ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।