फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘तुम सिर्फ हम लोगों को इस पार्टी के लिए याद करोगे’ और फिर बेरहमी से हो गई 2 लड़कियों की हत्या

Thu, 14 Sep 2017 02:52 PM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
योगिता की फाइल फोटो, मां नीता एवं भाई राजा, रजत।  - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
इटावा सहसों थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्वारी नदी के किनारे सिंडौस घाट से मंगलवार को मिले दो किशोरियों के शवों में से एक की शिनाख्त उसके परिजनों ने बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर की। किशोरी कानपुर देहात के क्षेत्रीय इंटर कालेज की कक्षा 11 की छात्रा योगिता उर्फ रानी थी। वह ग्राम चिराना, कानपुर देहात की रहने वाली थी। वह अपनी दो अन्य सहेलियों के साथ सोमवार से लापता थी। हालांकि उसके संग मिले दूसरे शव को उसकी ही सहेली हिमानी का माना जा रहा था लेकिन शिनाख्त करने पहुंचे हिमानी के पिता ने पहचानने से इनकार कर दिया है। नरेंद्र के पारिवारिक भाई सुरेश पासवान ने बताया कि योगिता की तलाश में जब स्कूल गए तो वहां छात्र-छात्राओं से एक अलग बात पता चली। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर तीनों ने स्कूल में पार्टी थी। पार्टी के दौरान उसकी सहेली ने कहा कि यह पार्टी उनकी आखिरी पार्टी है। इसके बाद तुम लोग सिर्फ हम लोगों को इस पार्टी के लिए याद करोगे।
विज्ञापन
 

भारी चीज से सिर पर वारकर मारी गई योगिता

पोस्टमार्टम स्थल पर शिनाख्त करने पहुंचे योगिता के परिजन - फोटो : अमर उजाला
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि एक किशोरी की शिनाख्त हुई है। अभी दूसरी की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामला कानपुर देहात का है। विवेचना के लिए कानपुर देहात की पुलिस को दूसरी किशोरी के शव का डीएनए कराने को कहा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में योगिता की किसी भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर हत्या करने की पुष्टि हुई है। 
मंगलवार को इटावा सहसों थाना क्षेत्र में क्वारी नदी के सिंडौस घाट के समीप नदी के किनारे से दो किशोरियों को शव बरामद किए गए थे जिनकी हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई गई थी। एक किशोरी के शव के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। दूसरी किशोरी की एक आंख बाहर निकली थी। समाचारपत्रों में प्रकाशित खबर को पढ़कर कानपुर देहात के ग्राम चिराना थाना अकबरपुर निवासी नरेंद्र कुमार पासवान एडवोकेट अपनी पत्नी नीता, पुत्रों राजा व रजत, भाई सर्वेश, पिता गयाप्रसाद व अन्य परिवारीजनों के साथ पोस्टमार्टम स्थल पहुंचे। उनकी पुत्री योगिता उर्फ रानी उम्र 16 वर्ष सोमवार से अपनी दो सहेलियों के साथ लापता थी। 

माना गया कि दूसरा शव उसकी गायब सहेली का ही होगा

त्रिलोकी सिंह ने दूसरी किशोरी की शिनाख्त नहीं की - फोटो : अमर उजाला
परिजनों ने बरामद हुए शवों में से एक की शिनाख्त योगिता के रूप में की। लिहाजा यह माना गया कि दूसरा शव उसकी गायब सहेली का ही होगा। पोस्टमार्टम स्थल पर शिनाख्त करने पहुंचे नरेंद्र व उनकी पत्नी नीता व अन्य परिजन अपनी इकलौती पुत्री की मौत पर रो पड़े। नरेंद्र ने बताया कि योगिता 11 सितंबर की सुबह क्षेत्रीय इंटर कालेज, फतेहपुर रोशनाई अकबरपुर कानपुर देहात  स्कूल पढ़ने के लिए घर से सुबह साढ़े सात बजे निकली थी। उसको उसकी एक सहेली लक्ष्मी शर्मा बुलाने आई थी। वह उसी के साथ चली गई। जब दो बजे तक वह घर वापस नहीं आई तो चिंता हुई। स्कूल में पता किया तो जानकारी हुई कि वह स्कूल नहीं आई। वहीं पता चला कि सहेली लक्ष्मी व हिमानी भी गायब हैं। दिन भर तलाशने के बाद रात नौ बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कहा कि तलाश लो नहीं तो मामला दर्ज कर लिया जाएगा। आज जब अखबार में पढ़ा तो इटावा आए और उसकी पहचान की।

हिमानी का शव होने से इनकार कर दिया

शिनाख्त करने पहुंचे योगिता के पिता नरेंद्र, मां नीता एवं भाई - फोटो : अमर उजाला
वहीं हिमानी के पिता त्रिलोकी सिंह निवासी आर्यनगर फ तेहपुर रोशनाई, कानपुर देहात भी दूसरी किशोरी की शिनाख्त के लिए पहुंचे लेकिन उन्होंने शव उनकी पुत्री हिमानी का होने से इनकार कर दिया। शव तीसरी सहेली के होने का अनुमान इसलिए नहीं लगा क्योंकि योगिता के परिजनों के अनुसार उन्हाेंने तीसरी लापता सहेली लक्ष्मी शर्मा पुत्री ओमप्रकाश शर्मा निवासी रनियां को उन लोगों ने देखा है और यह शव उसका नहीं हैं। एसएसपी वैभव ने बताया कि दो किशोरियों के मिले शवों में एक शव योगिता का है जिसकी शिनाख्त उनके परिजनों ने की। दूसरा शव उसकी सहेली हिमानी का होने का अनुमान था मगर हिमानी के पिता त्रिलोकी सिंह ने उसके हिमानी होने से इनकार कर दिया। लिहाजा विवेचना में उसका डीएनए कराया जाएगा।
 
विज्ञापन

शरीर पर कहीं कोई खरोंच या चोट के निशान नहीं

योगिता की फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
किशोरी योगिता की मौत सिर में चोट लगने से हुई है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि क्वारी नदी पुल के नीचे मिले किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है जिसमें एक किशोरी की शिनाख्त परिजनों ने योगिता के रूप में की। दूसरी युवती की शिनाख्त पहले फोटो देखकर की थी। बाद में शव देखकर मना कर दिया। इसके लिए उनका डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है। किशोरी योगिता के सिर में दाहिनी तरफ किसी भारी वस्तु से मारकर हत्या की गई है। बाकी शरीर पर कहीं कोई खरोंच या चोट के निशान नहीं पाए गए। रेप की जांच के लिए स्लायड बनाकर भेजी गई है। उसकी रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही कुछ कहा जा सकेगा।

लक्ष्मी ने इसी साल लिया था विद्यालय में प्रवेश
पोस्टमार्टम स्थल पर पहुंचे योगिता उर्फ रानी के परिवारीजनों का संदेह उसकी सहेली  पर है। नरेंद्र के पारिवारिक भाई सुरेश ने बताया कि इसकी सहेली दिल्ली में रहकर आई है। इसी वर्ष उसने विद्यालय में प्रवेश है। वह तेजतर्रार व चालाक किस्म की है। उसका कहीं कोई पता नहीं चल रहा है। सोमवार को भी वही उसे घर से लेकर गई थी।

कपड़े बदल गए
परिजनों के अनुसार योगिता उर्फ रानी घर से स्कूल ड्रेस में निकली थी। साथ में बस्ता भी लेकर गई थी लेकिन उसके शव पर स्कूल की ड्रेस नहीं थी बल्कि दूसरे क पड़े पहने है। जो कपडे़ योगिता के शव पर मिले वह उसके घर के भी नहीं हैं।

विवेचना अकबर पुलिस करेगी
इटावा में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि दो शवों से एक की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि दूसरी किशोरी शिनाख्त के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इस मामले में अकबरपुर कानपुर देहात में मुकदमा पंजीकृत हुआ है। इसलिए विवेचना वहीं की पुलिस करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें