तिर्वा। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट की दावेदारी के लिए लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय की परिक्रमा करने से बेहतर है कि कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता के बीच सक्रिय रहें। चुनाव में उन्हीं लोगों के काम को महत्व मिलेगा, जो जमीन पर रहकर संगठन को मजबूत करेंगे और जनता से सीधा जुड़ाव होगा।
लखनऊ से सैफई जाते समय लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अखिलेश यादव ने तिर्वा क्षेत्र के फगुआ भट्टा पर अपना काफिला रोककर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आए दिन लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में दिखाई देते हैं पर विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता नजर नहीं आती। ऐसे लोगों का फीडबैक पार्टी तक पहुंच रहा है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि चुनाव केवल दावेदारी जताने से नहीं जीता जाता, बल्कि इसके लिए जनता के बीच विश्वास और मजबूत संपर्क जरूरी है। उन्होंने मतदाता सूची पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं, उनके वोट बनवाने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। इस दौरान क्षेत्र के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यालय में हाजिरी से नहीं बनेगी बात
अखिलेश यादव ने ऐसे कार्यकर्ताओं को संदेश दिया जो क्षेत्र में सक्रिय रहने के बजाय लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में ज्यादा समय बिताते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को कार्यकर्ताओं की जमीनी सक्रियता की जानकारी मिल रही है।
मतदाता सूची दुरुस्त कराने पर जोर
विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत अखिलेश यादव ने कटे हुए वोट बनवाने को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने के लिए गंभीरता से काम करने को कहा।