धरती पर जिन्हें भगवान की संज्ञा दी गई है जब वही शैतान बन जाएं तो इंसानियत की उम्मीद का भी दम घुटने लगता है। मानवता को शर्मसार कर देने वाली ये घटना यूपी के महोबा जिले से सामने आई है। यहां कबरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने आई महिला से डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने शराब के नशे में बदसलूकी की और परिजनों को मारा पीटा। इतना ही नहीं विरोध करने पर प्रसूता को अस्पताल से भगा दिया। पीड़ित परिवार ने थाना व मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पिड़ारी निवासी अर्जुन सिंह गर्भवती बहू हिना को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले गए। अर्जुन सिंह ने बताया कि जब रात में उसने अपनी बहू को भर्ती कराया तो अस्पताल में कार्यरत नर्सों से 2 से 4 दिन बाद डिलीवरी होने की बात कहकर रात में मरीज को अस्पताल में ही भर्ती रहने को कहा और उसके परिवार के सदस्यों को बाहर रुकने की बात कही।