राजपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को इमरजेंसी की सेवाएं बेपटरी नजर आईं। ड्यूटी डॉक्टर व अन्य स्टाफ समय से पहले ही चले गए। इससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशान होना पड़ा। नोडल अधिकारी ने लापरवाह कर्मचारियों से जवाब तलब कर कार्रवाई की बात कही है।
भैया दूज पर्व के चलते बुधवार को अवकाश था। इसके चलते ओपीडी बंद रही। वहीं मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए इमरजेंसी सेवाएं संचालित कर ड्यूटी लगाई गई थी। इमरजेंसी में चिकित्सक डॉ. ध्रुव सिंह व फार्मासिस्ट उमेश कुमार की मंगलवार दोपहर से बुधवार दोपहर दो बजे तक इमरजेंसी ड्यूटी थी। हालांकि दोपहर साढ़े 12 बजे डॉक्टर व फार्मासिस्ट चले गए। इमरजेंसी के दौरान समय से पहले डॉक्टरों के चले जाने से मरीजों को वापस लौटना पड़ा।
डॉक्टर के चले जाने पर वार्ड बॉय इंद बहादुर ने मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां वितरण करता नजर आएं। इलाज करवाने पहुंची पैलावर के जयप्रकाश ने बताया कि बाइक की टक्कर से पैर में चोट लगी है। चिकित्सक नहीं मिले तो वार्ड बॉय से ही दवा ले ली। खासबरा की सुखदेवी व रसूलपुर के संतोष ने बताया कि पेट दर्द व उल्टी की समस्या होने पर दोपहर एक बजे इलाज कराने अस्पताल आए है। डॉक्टर का इंतजार कर रहे। मरीज सोबरन सिंह, अजय भी चिकित्सक का इंतजार करते दिखे। डॉक्टर नहीं होने से बाद में बगैर दवाइयां लिए मरीजों को वापस लौट गए।
.....................
बयान...
सभी से लिया जाएगा जवाब
समय से पहले इमरजेंसी ड्यूटी से चले जाने पर चिकित्सक व फार्मासिस्ट से स्पष्टीकरण मांगने के लिए पीएचसी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। सभी चिकित्सकों को अनिवार्य रूप से निर्धारित समय तक अस्पताल में मौजूद रहने के निर्देश हैं। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। - डॉ. डीके सिंह, डिप्टी सीएमओ/ नोडल अधिकारी राजपुर