कानपुर। उर्सला अस्पताल में बाहर से दवाएं मंगाने पर इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. प्रांजुल पांडे को पांच दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। उनका वेतन भी रोक दिया गया है। उर्सला के सीएमएस डॉ. बीसीपाल ने यह कार्रवाई मंगलवार को की है।
पेट में दर्द और पथरी होने पर रोगी मंतशा को अस्पताल में सोमवार को भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के लिए ईएमओ डॉ. प्रांजुल ने बाहर से दवा मंगा ली। इसकी शिकायत मंतशा के तीमारदार ने डिप्टी सीएम डॉ. ब्रजेश पाठक से कर दी। इस पर उनके पीआरओ का फोन अस्पताल के सीएमएस के पास आया और जांच करने के लिए कहा। जांच में बाहर से दवा मंगाने वाली बात सत्य निकली। सीएमएस ने तुरंत ही डॉक्टर पर कार्रवाई कर दी।
वहीं, तीमारदार का कहना है कि एक वॉर्ड बॉय शराब पीए हुए था और अभद्रता कर रहा था। वॉर्ड बॉय की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह कॉन्ट्रैक्ट पर यहां तैनात है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दवा बाहर से मंगाने के मामले में ईएमओ पर सीएमएस डॉ. बीसी पाल ने कार्रवाई की है। इसके अलावा वॉर्ड बॉय को ढूंढा जा रहा है। उसके मिलते ही उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।