यूपी के हरदोई जिला अस्पताल में शुक्रवार को रेडियोलॉजिस्ट और तीमारदारों के बीच कहासुनी हो गई। पहले पर्चा जमा कराने की बात पर अड़े तीमारदारों से विवाद के बाद नाराज होकर रेडियोलॉजिस्ट अल्ट्रासाउंड बीच में छोड़कर अपने कक्ष में चले गए। लगभग दो घंटे तक एक महिला अल्ट्रासाउंड के इंतजार में दर्द से तड़पती रही। मामला सीएमएस तक पहुंचा तो रेडियोलॉजिस्ट ने कार्य शुरू किया। सीएमएस ने कहासुनी और विवाद की बात से इनकार कर मरीजों की संख्या अधिक होने की बात कही है।
जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा है। जिला महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण वहां के मरीजों का भी अल्ट्रासाउंड जिला अस्पताल में ही किया जाता है। यहां पर रेडियोलॉजिस्ट डा. अरुण कुमार तैनात हैं। शुक्रवार सुबह से ही अल्ट्रासाउंड कराने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी थी। करीब नौ बजे चिकित्सक एक महिला का अल्ट्रासाउंड कर रहे थे, तभी कक्ष के बाहर मौजूद मरीजों ने पर्चे जमा करने की बात कही। चिकित्सक ने मना कर दिया। इस पर मरीज और तीमारदारों ने कहा कि अभी तो बहुत समय है। इससे चिकित्सक भड़क गए।