कानपुर देहात। जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को चिकित्सालय में डॉक्टर एक घंटे पहले ही ओपीडी छोड़ कर चले गए। वहीं मरीज उपचार के लिए भटकते रहे। काफी इंतजार के बाद उन्हें वापस जाना पड़ा।
डीएम जेपी सिंह सहित अन्य अफसर लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर करने पर जोर दे रहे हैं। इसके बाद भी अस्पतालों में अव्यवस्था का आलम है। अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल में डॉक्टरों का हाल यह है कि वह देर से आकर जल्दी चले जाते हैं। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ता है।
शनिवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्कर आनंद, चेस्ट फिजीशियन डॉ. अवधेश कटियार, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जतारया, ईएनटी चिकित्सक आरके चौबे, काउंसलर डॉ. राम आसरे मौर्या तय समय दो बजे से एक घंटे पहले ओपीडी से चले गए। इसके बाद पहुंचे मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। अकबरपुर की गुड़िया ने बताया कि वह उपचार के लिए ईएनटी चिकित्सक के पास गई।
वहां मौके पर कोई नहीं मिला। काफी देर इंतजार किया तो स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि डॉक्टर जा चुके हैं। इसके बाद बिना उपचार के उन्हें वापस जाना पड़ा। इसी प्रकार डेरापुर के विजय शर्मा ने बताया कि वह चेस्ट फिजीशियन को दिखाने करीब डेढ़ बजे जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर जा चुके थे। इसकी वजह से उन्हें वापस जाना पड़ा।
डॉक्टरों के नियमित अस्पताल आने व पूरे समय उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए सीएमओ को बैठक में निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी लापरवाही होने पर ऐसे डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- जेपी सिंह, डीएम