हमीरपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के ऊपर मरीज के तीमारदार ने पैसे लेकर इलाज करने का आरोप लगाया है। कुरारा थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव निवासी मातादीन ने बताया कि उसकी बहु गुड्डो (40) पत्नी राम प्रसाद दोपहर अपने कच्चे मकान का छप्पर ठीक कर रही थी। तभी लकड़ी उसके सिर पर टूट कर गिर गई। जिससे उसके सिर में चोट लगी व घायल हो गई।
विज्ञापन
वह बहू को लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचा जहां पर तैनात चिकित्सक एके सिंह ने उसके सिर में टांके लगाने के नाम पर 1350 रुपए ले लिए। उसने बताया कि उसने डॉक्टर से बहुत मिन्नते की कि वह गरीब है वह पैसे नहीं दे सकता है लेकिन चिकित्सक ने एक भी नहीं सुनी।
वह रेफर करने की बात कहने लगे तब उसने चिकित्सक को 1350 रुपए देकर अपनी बहू का इलाज कराया। अब वह जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती है। चिकित्सक एके सिंह ने बताया कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है आरोप निराधार है। सीएमएस डॉक्टर एसपी गुप्ता ने बताया कि उनके पास कोई ऐसी शिकायत नहीं प्राप्त हुई है अगर कोई शिकायत ऐसी आती है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।