कानपुर। आईआईटी कानपुर ने कामकाजी पेशेवरों और छात्रों के लिए ऑनलाइन पोस्ट ग्रेजुएट (ई-मास्टर्स) प्रोग्राम की शुरुआत की है। इसके तहत छात्र नौकरी या नियमित पढ़ाई के साथ इसे एक से तीन वर्ष में पूरा कर सकते हैं। इसकी विस्तृत जानकारी दो मई को आयोजित वेबिनार में दी जाएगी।
संस्थान की ओर से शुरू किए जा रहे इन प्रोग्राम का उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है ताकि वे लोग भी प्रतिष्ठित आईआईटी से डिग्री प्राप्त कर सकें जो अपनी नौकरी या अन्य जिम्मेदारियों के कारण नियमित कोर्स नहीं कर पाते। इन प्रोग्राम्स में प्रवेश के लिए गेट स्कोर अनिवार्य नहीं रखा गया है जिससे पेशेवरों को बड़ी राहत मिली है।
प्रोग्राम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छात्र किसी भी रेगुलर कोर्स के साथ-साथ इसमें दाखिला लेकर पढ़ाई जारी रख सकते हैं। दो साल के इस पाठ्यक्रम को छात्र अपनी सुविधा के अनुसार एक से तीन वर्ष के भीतर पूरा कर सकते हैं।
आउटरीच गतिविधि कार्यालय के प्रभारी प्रो. डॉ. विमल कुमार ने बताया कि संस्थान साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस, बिजनेस एनालिटिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कोर्स संचालित कर रहा है। ये कार्यक्रम उद्योग की जरूरतों के अनुसार डिजाइन किए गए हैं जिससे छात्र अपने कौशल को उन्नत कर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।